कलेक्टर-सीईओ ने किया बादा चेकपोस्ट का निरीक्षण, मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश

बलरामपुर 21 दिसम्बर 2024। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रेना जमील ने विकासखंड शंकरगढ़ एवं जशपुर जिले से लगे सीमावर्ती चेकपोस्ट बादा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चेकपोस्ट का निरीक्षण करते हुए अवैध धान परिवहन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों की जानकारी लेते हुए उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। साथ ही कर्मचारियों को नियमित रूप से जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। धान के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 21 चेकपोस्ट बनाये गये हैं। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने चेकपोस्ट पर 24 घंटे कर्मचारियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये। साथ ही कर्मचारियों को रात्रि समय सतर्कता से ड्यूटी करने की हिदायत दी। उन्होंने जिले में प्रवेश करने वाले सभी गाड़ियों की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने विकासखण्ड शंकरगढ़ के धान खरीदी केन्द्र कोदवा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब तक हुई धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता एवं धान उठाव के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मौसम के दृष्टिगत धान की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आनंद राम नेताम सहित अन्य जन मौजूद रहे।