समाज कल्याण विभाग ने बुजुर्गों का किया सम्मान
बालोद, 18 दिसम्बर 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धाश्रम एवं आश्रय गृहों में बुजुर्गों एवं बच्चों को शाॅल, छड़ी एवं मिठाईयों का वितरण किया गया। उप संचालक समाज कल्याण विभाग अजय गेडाम ने बताया कि शासन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के समस्त स्वैच्छिक संस्थाओं वृद्धाश्रमों, प्रशामक गृह, घरौंदा आश्रय गृह में पहुँचकर वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों से मुलाकात कर शाॅल, श्रीफल, छड़ी एवं मिठाईयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर आश्रय स्थलों के बुजुर्गों एवं दिव्यांग बच्चों के अलावा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।
