ननि-पंचायत चुनाव, आरक्षण प्रक्रिया स्थगित, आदेश जारी
महासमुंद 17 दिसंबर 2024। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य, अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य के प्रवर्गवार एवं महिलाओं के प्रवर्गवार स्थानों के आरक्षण प्रक्रिया की तिथियों को स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने आदेश जारी किया है। पूर्व में जारी आम सूचना के अनुसार जिले के विकासखंड महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली में पंच एवं सरपंच पदों के लिए आरक्षण की कार्यवाही 17 तारीख को आयोजित होनी थी। इसी तरह जनपद पंचायत सदस्य और अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए आरक्षण प्रक्रिया 19 को तय की गई थी। इस आदेश के बाद जिले सहित अन्य संबंधित विकासखंडों में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के सभी पदों की आरक्षण प्रक्रिया अब आगामी आदेश तक स्थगित रहेगी।
