आमाडुला में वन चैपाल, ग्रामीणों को लेमन ग्रास की खेती का दिया गया प्रशिक्षण
बालोद, 16 दिसम्बर 2024। सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बालोद द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। वनमंडलाधिकारी बी.एस.सरोटे के मार्गदर्शन में वनमंडल के वनपरिक्षेत्र डौण्डी के ग्राम आमाडुला में सोमवार को लेमनग्रास प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम चिहरो, ग्राम दिघवाड़ी और ग्राम काकड़कसा के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ग्रामीणों को लेमनग्रास की पहचान उसकी उपयोगिता, खेती, लेमनग्रास के फायदे, औषधीय गुण आदि की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर वन चैपाल का आयोजन कर सुशासन की एक वर्ष की उपलब्धि थीम के तहत वन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं यथा तेंदूपत्ता संग्राहकों हेतु प्रति मानक बोरा वृद्धि राशि, किसान वृक्ष मित्र योजना, वन प्रबंधन समिति के माध्यम से व्यक्ति विकास, सशक्तिकरण रोजगारमूलक कार्य, वन अधिकार पत्रों का वितरण, स्व-सहायता समूहों के आय सृजन के संसाधन, एक पेड़ मां के नाम के तहत वृक्षारोपण, वन्यप्राणी संरक्षण, संवर्धन तथा आर्थिक सहायता अनुदान (मुआवजा), लघु वनोपज प्रसंस्करण, विपणन के तहत लघु वनोपज उत्पादों के समर्थन मूल्य में वृद्धि के संबंध में जानकारी प्रदाय किया गया। इस अवसर पर एसडीओ वनविभाग जेएल सिन्हा, रेंजर जीवन भाण्डेकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
