टीबी मुक्त भारत अभियान 7 से होगा शुरु, 24 मार्च तक चलेगा
दुर्ग, 5 दिसंबर 2024। भारत सरकार व्दारा संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता मे विगत दिनों जिला स्तरीय अंर्तविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भुमिका वर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने बताया कि जनभागीदारी से ’’निक्षय- निरामय छत्तीसगढ़’’ 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान (टीबी मुक्त भारत अभियान) 7 से मार्च 2025 तक चलाया जायेगा। अभियान चार चरणों में सम्पन्न होगा। पहला चरण- 7 से 22 , दूसरा चरण- 23 से 28 फरवरी, तीसरा चरण- 1 से 15 मार्च एवं चौथा चरण 16 से 24 मार्च तक होगा। उन्होंने बताया कि 7 दिसम्बर को कार्यक्रम का शुभारंभ किया जायेगा तथा समुदाय के लोगों को निक्षय मित्र बनाने के लिए प्रेरित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधि सहित लोगों के माध्यम से कार्यक्रमों में क्षय उन्मुलन एवं कुष्ठ के विषय में जागरूकता लाई जायेगी। टीबी मुक्त भारत अभियान में जिले के सभी शासकीय विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सेवी संगठन इत्यादि भी अपनी सहभागिता निभायेंगे। जिला प्रशासन द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान में जनभागीदारी के लिये कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि मितानीन स्वयं सेवी संगठनो को अपना योगदान देने और टीबी मुक्त बनाने के प्रयास में लगे रहने की अपील की गई है।
