पीएम आवास योजना, एक ही दिन में खोदे गए 1843 मकानों के नींव

उत्तर बस्तर कांकेर 5 दिसम्बर 2024। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में स्वीकृत प्रकरणों में तेजी लाने तथा शासन की मंशानुसार ग्रामीणों को आवास का लाभ दिलाने और उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले की सभी जनपद पंचायतों के अधीन ग्रामों में ‘नींव तिहार‘ मनाया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मण्डावी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में स्वीकृत आवास जो अप्रारंभ स्तर पर है, उन्हे प्रारंभ करने के लिए चार तारीख को ‘नींव तिहार’ मनाते हुए नींव की खुदाई की गई, जिसे पूरे जिले में उत्साहपूर्वक मनाया गया। उन्होंने बताया कि नींव तिहार के आयोजन के दौरान हितग्राहियों को पक्के आवास के लाभ से अवगत कराया गया, साथ ही सभी स्वीकृत प्रकरणों के हितग्राहियों को आवास का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने का आग्रह भी किया गया। जिला पंचायत के सीईओ ने बताया कि कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में ‘नींव तिहार’ के तहत जिले में एक हजार 843 स्वीकृत आवासों का भूमिपूजन कर नींव की खुदाई की गई। इनमें अंतागढ़ जनपद पंचायत में 258, भानुप्रतापपुर में 323, चारामा में 170, दुर्गूकांदल में 383, कांकेर में 194, कोयलीबेड़ा में 308 तथा नरहरपुर जनपद पंचायत के तहत 207 आवासों के निर्माण के लिए हितग्राहियों द्वारा भूमिपूजन कर नींव खोदी गई।

इन्हें भी पढ़े