राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता में जिले के पांच खिलाड़ियों का चयन, कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

जांजगीर-चांपा 27 नवम्बर 2024। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गौरवदीप वेलफेयर सोसायटी द्वारा 4 से 6 दिसंबर तक ओल्ड चौंपियन ग्राउंड में दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। जिसमे देश भर के 100 से अधिक खिलाड़ी अलग-अलग राज्यों से शामिल होंगे। जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम भी भाग ले रही हैं। इस टीम में जिले के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों ने बुधवार को कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलकर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्वल भविष्य की कामना की है।
डिप्टी कलेक्टर सुमीत बघेल ने बताया कि यह हमारे जिले के लिए यह गर्व की बात है कि एक साथ हमारे जिले के 5 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ हैं। उन्होंने बताया कि धनंजय यादव (कप्तान), मुकेश लहरे, बजरंग पटेल, राकेश कश्यप, और अमित बारेठ का चयन हुआ है।