मुख्य सचिव ने बैठक लेकर की धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा

उत्तर बस्तर कांकेर, 13 नवंबर 2024। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने बुधवार को सभी कमिश्नर एवं कलेक्टरों की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर धान खरीदी के संबंध में संभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए। एनआईसी कक्ष में आयोजित वर्चुअल वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर डोमन सिंह और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने संभाग एवं जिले में धान खरीदी संबंधी की गई व्यवस्थाओं के बारे बताया। इसके अलावा बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट पदार्थ प्रबंधन, हाईकोर्ट के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने आवारा एवं लावारिस पशुओं का प्रबंधन, जल जीवन मिशन के तहत शत-प्रतिशत एफएचटीसी वाले ग्रामों के अलावा आय, जाति, निवास व जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के शत-प्रतिशत सैच्युरेशन विषयों पर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।