ननि चुनाव, मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम में बदलाव, 20 तक दावा-आपत्ति

जगदलपुर 13 नवम्बर 2024। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम निर्वाचन हेतु नगर पालिक निगम, नगरपालिका क्षेत्र एवं नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत निर्वाचक नामावली से संबंधित दावा-आपत्ति का कार्य 13 तारीख से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया जाएगा। नगर पालिक निगम क्षेत्र हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनुभाग भरत कौशिक सहित वार्ड क्रमांक 1 से 24 तक के लिए, तहसीलदार कुरंदी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अंकुर रात्रे तथा वार्ड क्रमांक 25 से 48 तक हेतु, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ब्रजभूषण और नगर पंचायत क्षेत्र बस्तर हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनुभाग बस्तर एआर राणा तथा तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा-आपत्ति प्रस्तुत किया जा सकता है। नाम जुड़वाने हेतु प्रस्तुत दावा में संबंधित वार्ड के एक अक्टूबर की अर्हता तिथि के आधार पर सभी पात्र व्यक्तियों को सम्मिलित किया जाना है। प्राधिकृत अधिकारी के समक्ष निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाने, विलोपित एवं संशोधन करने हेतु 13 से 19 तक कार्यालयीन दिवस पर समय प्रातः 10 बजे से अपरान्ह 05 बजे तक एवं अंतिम दिवस 20 को अपरान्ह तक आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण कर निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 11 दिसंबर को किया जाएगा। उक्त संशोधित कार्यक्रम की जानकारी अवलोकन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय सहित सम्बन्धित अनुभागीय अधिकारी राजस्व, तहसील कार्यालय तथा नगरीय निकाय कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है।