धान खरीदी से ठीक पहले सहकारी समितियों के कर्मचारी हड़ताल पर
रायपुर 12 नवंबर 2024। धान खरीदी का काम 14 से शुरू होना है, लेकिन इससे पहले ही एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। धान खरीदी करने वाली 2,058 सहकारी समितियों के लगभग 13 हजार कर्मचारी हड़ताल पर चले गए है। जिसके चलते किसानों के लिए टोकन जारी करने और बारदाना उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है।
हड़ताल के कारण अभी तक न तो खरीदी केंद्रों पर बारदाना पहुंचा है और न ही साफ-सफाई का कार्य पूरा हुआ है। कुछ क्षेत्रों में तो किसानों का पंजीयन भी नहीं हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल खत्म होने के बाद भी सामान्य प्रक्रिया में चार से पांच दिन का समय लग सकता है।
प्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने बताया कि अगर मांगें नहीं मानी जाती हैं, तो कर्मचारी संघ धान खरीदी का बहिष्कार करेगा। संघ की मुख्य मांगों में धान की सूखत पर प्रति क्विंटल तीन प्रतिशत की दर से मुआवजा, प्रति समिति तीन लाख रुपये प्रबंधकीय वेतन अनुदान और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में सेवा नियम के तहत 50 प्रतिशत नियुक्ति शामिल है।
