असम के सरकारी कर्मचारियों को सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने दिया दिवाली गिफ्ट, 3 फीसदी बढ़ाया डीए
गुवाहाटी 27 अक्टूबर 2024। असम के सरकारी कर्मचारियों को सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने दिवाली का गिफ्ट दिया है। असम मंत्रिमंडल ने रविवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत का इजाफा किया। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि यह बढ़ोतरी जुलाई से होगी। कैबिनेट बैठक के बाद सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि बढ़ोतरी के बाद सरकारी कर्मचारियों का डीए केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर 53 फीसदी हो जाएगा। डीए जुलाई से देय होगा और बकाया राशि का भुगतान अगले वर्ष जनवरी से अप्रैल तक मासिक वेतन के साथ चार समान किस्तों में किया जाएगा। कर्मचारियों को दिसंबर से संशोधित डीए के साथ वेतन मिलेगा।