कलेक्टर के आदेश पर त्यौहार को देखते हुए मिठाई दुकानों की जा रही जांच, लिए गए सैंपल

कोंडागांव, 25 अक्टूबर 2024।त्यौहारों के नजदीक आते ही मिठाईयों की खपत बढ़ जाती है जिसे पूरा करने हेतु मिठाई विक्रेताओं द्वारा अधिक से अधिक मिठाई बनाने व विक्रय करने हेतु मिठाई की गुणवत्ता के साथ लापरवाही की जाती है। इसके साथ ही बाहर से दूध व खोवा भी मंगाया जाता है, जिसमें मिलावट होने की आशंका होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिठाई दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर मिठाईयों और अन्य खाद्य सामाग्रियों की जांच की गई जिसमें 23 तारीख को करीब 15 प्रतिष्ठानों से 65 नमूनों की जांच की गई और 24 को करीब 14 प्रतिष्ठानों से 61 नमूनों की जांच की गई है। फिलहाल कहीं भी मिलावट का प्रकरण सामने नहीं आया है। परंतु अन्य पैमानों पर मिठाई की गुणवत्ता जांचने हेतु जिले के अलग अलग स्थानों से दूध, खोवा, बेसन, मैदा आदि से बनी मिठाईयों के नमूने लकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं। 24 अक्टूबर को कोण्डागांव में बस के माध्यम से बाहर से आने वाले पनीर का भी नमूना लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। साथ ही केशकाल के बीकानेरी फास्ट फूड एवं स्वीट्स से भी मिल्क केक और गुलाब जामुन का नमूना लेने की कार्यवाही की गई है। ज्ञात हो कि इससे पूर्व कोण्डागांव के विश्वास डेयरी, मिष्टी संजीव, रॉयल स्वीट्स एण्ड बेकरी, फरसगांव के अमृतसागर स्वीट्स, माकडी के राधे बीकानेर स्वीट्स से भी मिठाईयों के नमूने लेने की कार्यवाही की गई है. जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी ।