त्यौहार को देखते हुए नकली मिठाई-खोना, टीम पहुंची जांच करने
अम्बिकापुर, 25 अक्टूबर 2024। दीपावली को देखते हुए नकली खोवा तथा गुणवत्ताहीन मिठाई की बिक्री की आशंका से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशानुसार पर मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। मिलावट की आशंका के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन एवं प्रशान्त कुमार तिवारी तथा खाद्य औषधि प्रशासन की टीम द्वारा मेसर्स स्वास्तिक बंगाल स्वीट्स एण्ड नमकीन से पेड़ा, मेसर्स शंकर भोजनालय सीतापुर से खोवा, मेसर्स सिंह स्वीट्स से बेसन लड्डू, मेसर्स छप्पन भोग स्वीट्स से लड्डू, श्रीराम भण्डार से खोवा जलेबी, पाण्डेय डेयरी से मिठाई का नमूना इकट्ठा किया गया है। नमूने को जांच के लिए भेजा गया है। श्रीराम भण्डार देवीगंज के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई नहीं पाए जाने के कारण नगर निगम टीम के द्वारा एक हजार अर्थदण्ड लगाया गया है। इसके साथ ही विभागीय चलित खाद्य प्रयोगशाला वाहन (मोबाईल वैन) के माध्यम से अभियान चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का मौके पर ही जांच किया जा रहा है ।
