धान खरीदी की तैयारी, कमिश्नर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठकर लेकर दिए निर्देश

अम्बिकापुर 25 अक्टूबर 2024। संभागायुक्त जी आर चुरेंद्र ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी के संबंध में संभाग स्तरीय बैठक लेकर अधिकारियों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में समीक्षा की। सम्भागायुक्त ने धान खरीदी के संबंध में की गई आवश्यक तैयारियों के सम्बंध में जानकारी ली। बैठक में किसान पंजीयन, धान का रकबा, धान परिवहन, बारदानों की उपलब्धता, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था सहित धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी की समीक्षा की गई। श्री चुरेन्द्र ने कहा कि शासन की मंशानुसार नियंत्रित एवं संतुलित धान खरीदी सम्पन्न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियों को जल्द पूर्ण कर लें। किसानों के हित में कार्य हो, वास्तविक किसानों को उनके उपज का लाभ मिले। उन्होंने खरीदी प्रारम्भ होने के पूर्व ही सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों में तारपोलिन की व्यवस्था कर ली जाए, किसानों के लिए शुद्ध पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ नमी मापक यंत्र, इंटरनेट सुविधा आदि की जांच कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान उपार्जन के लिए निगरानी हेतु क्लास-2 ऑफिसर को नोडल बनाया जाये और धान खरीदी केंद्र हेतु निगरानी समिति का गठन किया जाए जिसमें पटवारी, आरएइओ सहित खंड स्तरीय अधिकारी शामिल हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के संबंध जल्द ही ब्लॉक स्तरीय बैठक कर ली जाए और अधीनस्थों को तैयारी हेतु निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कोचियों-बिचौलियों, किराना व्यापारियों पर विशेष निगरानी रखें, किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों में संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों का चिन्हांकन कर निगरानी रखें। इस दौरान संभागायुक्त श्री चुरेन्द्र ने सम्भाग के सभी जिले के अधिकारियों से धान खरीदी हेतु आवश्यकताओं एवं समस्याओं के सम्बन्ध में भी जानकारी ली।