मुख्यमंत्री ने की राज्योत्सव के तैयारियों की समीक्षा, लोगों से घरों में एक नवंबर को दीप जलाने की अपील, नया रायपुर में जलाए जाएंगे 10 हजार दीपक
रायपुर 24 अक्टूबर 2024। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। राज्योत्सव स्थल नया रायपुर में 4 से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव के अवसर पर एक नवंबर को अपने -अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव उत्सव मनाने की अपील की है। राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर, अटलनगर में 10 हजार दीप जलाएंगे जाएंगे। नया रायपुर के राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए आम जनता को परिवहन की सुविधा रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्योत्सव के दौरान आयोजन स्थल पर प्रत्येक दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । सांस्कृतिक संध्या में 4 तारीख को बॉलीवुड सिंगर शांतनु मुखर्जी (शान) का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 6 तारीख की शाम को इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता का कार्यक्रम होगा। राज्योत्सव के आखिरी दिन 6 को राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रमुख विभागीय योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। निजी संस्थानों और पीएसयू संस्थानों के लिए भी हैंगर बनाया जाएगा। कृषि और जल संसाधन विभाग द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विभागों की नई योजनाएं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी। राज्योत्सव आयोजन स्थल पर शिल्पग्राम, फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा। यहां ट्राइबल फूड भी उपलब्ध होगा। बच्चों के लिए फन पार्क भी बनाया जाएगा जहां विभिन्न झूले होंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री के कृषि एवं नीति सलाहकार धीरेन्द्र तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद और राहुल भगत, संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. संचालक विवेक आचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
