धान खरीदी, गिरदावरी निरीक्षण के लिए तकनीकी प्रशिक्षण
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 अक्टूबर 2024। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 14 नवंबर से शुरू किया जाना है। वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी हो इसे ध्यान में रखते हुए फसल गिरदावरी निरीक्षण हेतु कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में राजस्व, खाद्य, कृषि, सहकारिता, पंचायत, महिला एवं बाल विकास सहित धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा एकीकृत किसान पोर्टल में किसान पंजीयन तथा पंजीकृत किसानों द्वारा अपने भूमि पर लिए गए फसल का नाम तथा रकबा को अद्यतन करने की कार्रवाई 31 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर हरिओम कश्यप ने एकीकृत किसान पोर्टल में किसान पंजीयन तथा भुंईयां सॉफ्टवेयर में धान फसल की प्रविष्टि शत प्रतिशत त्रुटिरहित होना आवश्यक है। इस संबंध में प्रस्तुतिकरण के जरिए बारीकी से तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को ऑनलाइन एप्प के माध्यम से आबंटित खसरे का सत्यापन 30 तक अनिवार्य रूप से करना है। उन्हें बताया गया कि बोए गए धान की भौतिक सत्यापन करना है। भुईयां सॉफ्टवेयर में पटवारी द्वारा दर्ज गिरदावरी का वास्तविक रूप से बोए गए धान के रकबे से मिलान करना है तथा भिन्नता पाए जाने पर वास्तविक स्थिति का पता लगाकर आवश्यकतानुसार भुईयां सॉफ्टवेयर में धान के रकबे को त्रुटिरहित करना है। नगरीय क्षेत्रों एवं उससे संलग्न क्षेत्रों में अत्यधिक मात्रा में पड़त भूमि या अन्य फसल ली गई भूमि की भुईंयां सॉफ्टवेयर में धान फसल के रूप में प्रविष्टि नही हो, इसलिए ऑनलाइन एप्प के माध्यम से आबंटित खसरे का सत्यापन करना है। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
