मदतादा सूची तैयार करने की तिथि 27 नवंबर तक, एक हफ्ता बढ़ाया गया समय
रायपुर, 21 अक्टूबर 2024। निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि आयोग द्वारा पूर्व में जारी नगर पालिका निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथि में आंशिक संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ जिलों द्वारा निर्वाचक नामावली के संबंध में दावा-आपत्ति प्राप्ति की अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था। इसके आधार पर आयोग द्वारा दावा आपत्ति प्राप्त करने की निर्धारित अंतिम तिथि 23 अक्टूबर में एक सप्ताह की वृद्धि की गई है। श्री सिंह ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तारीख व समय 30 तारीख को दोपहर तीन बजे तक तथा दावे-आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 8 नवंबर निर्धारित की गई है।
इसी तरह प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 8 नवम्बर तक तथा प्ररूप क-1 में प्राप्त दावा का निराक़रण करने की अंतिम तिथि 12 नवम्बर तक निर्धारित की गई है। इसी तरह दावे/आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील करने की अंतिम तारीख निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर तथा परिवर्धन, संशोधन, विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में करना 20 नवम्बर तक, चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाना तथा पी.डी.एफ. मुद्रण हेतु जिला कार्यालय को सौंपना 22 नवम्बर तक एवं अनुपूरक सूची का मुद्रण कराना और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न करना 25 नवम्बर तक निर्धारित किया गया है तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन बुधवार 27 नवम्बरको किया जाएगा।
