राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य धन्यकुमार ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की
राजनांदगांव 19 अक्टूबर 2024। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य धन्यकुमार जिनप्पा गुंडे ने शनिवार को कलेक्टोरेट में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासन की योजनाओं के अंतर्गत अल्पसंख्यक योजनाओं की समीक्षा की। सदस्य धन्यकुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न स्थानों का अवलोकन करने का अवसर मिला। यहां के प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थल का भ्रमण करने से यहां की संस्कृति को जानने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव का डोंगरगढ़ अद्वितीय स्थान है और यहां हिन्दू, जैन, सिक्ख, बौद्ध, ईसाई, मुस्लिम एवं अन्य समुदाय के लोग आपस में एक साथ सौहार्द्र एवं सद्भाव के साथ मिलकर रहते हैं। हम मौलिक अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन मौलिक कर्तव्यों की बात नहीं करते हैं। यहां आने पर मौलिक कर्तव्यों पर केन्द्रित पाया गया। उन्होंने कहा कि वे भारत सरकार को डोंगरगढ़ को पर्यटन केन्द्र रिलीजियस कोलाबरेटेड सेंटर के रूप में विकसित करने की अनुसंशा करेंगे। श्री गुंडे ने बताया कि जैन, सिक्ख, ईसाई, बौद्ध, मुस्लिम, पारसी 6 समुदाय को अल्पसंख्यक अंतर्गत शामिल किया गया। समुदाय हमारे देश में लगभग 35 करोड़ जनसंख्या अल्पसंख्यक समुदाय की है। भारतीय संस्कृति के अनुरूप सभी धर्मों, जाति, समुदाय के नागरिक आपस में सद्भावना एवं समानता के साथ मिलकर रहें तथा सभी नागरिक समान हैं इस भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंंने कहा कि हमारे देश में अनेकता में एकता है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि कोविड-19 के दौरान अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सामाजिक सद्भावना की मिसाल पेश की और एक-दूसरे की हरसंभव सहायता की। कोविड-19 के दौरान महाराष्ट्र बार्डर में एक दिन में हजारों की संख्या में श्रमिक पहुंचते थे। जैन समुदाय तथा अन्य समुदायों के लोगों ने बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दिल से न केवल श्रमिकों की मदद की बल्कि अन्य नागरिकों की भी मदद की। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायक इतना घुल मिलकर रहते हैं कि वे पृथक व्यवस्था का हिस्सा महसूस नहीं होते। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने विभाग में अल्पसंख्यक से संबंधित शासन की योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों के संबंध में जानकारी दी। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने राजस्व तथा अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह ने शिकायत एवं निराकरण के संबंध में जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने बताया कि लगभग 800 अल्पसंख्यक हितग्राही शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हो रहे है। पेंशन योजना से कमजोर वर्ग के हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती गुरप्रीत कौर ने बताया कि समान भाव से सभी को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डेय ने बताया कि सभी वर्गों के किसान विशेष कर लघु एवं सीमांत कृषक शासन की योजनाओं का लाभ ले रहे है तथा सब्सिडी भी प्राप्त कर रहे हैं। श्रमपदाधिकारी ने बताया कि श्रमिकों का पंजीयन कराया जा रहा है तथा सभी वर्गों के महिला श्रमिकों को विशेषकर लाभान्वित किया जा रहा है। जिले में 360 महिला श्रमिकों को सिलाई मशीन दी गई है। कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी समीर शर्मा ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कलेक्शन दिया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने बताया कि सभी बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश दिया जा रहा है। जिला पंचायत, राजस्व, वन, नगर निगम, स्वास्थ्य, आदिम जाति कल्याण, सहित अन्य विभागों द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
