महिला आयोग में नियुक्त सदस्यों ने किया पदभार ग्रहण

रायपुर, 17 अक्टूबर 2024। राज्य महिला आयोग में महिला सदस्यों की नियुक्ति की गई है। जिसमें श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने 7 अक्टूबर को ही आयोग कार्यालय आकर पदभार ग्रहण कर लिया था। गुरुवार को महिला आयोग कार्यालय में सदस्यगण श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव, श्रीमती सरला कोसरिया, श्रीमती ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी ने पदभार ग्रहण किया।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के हितों में मिलकर कार्य करने के लिए कहा। ज्ञात हो कि राज्य महिला आयोग के पुराने सदस्यों का कार्यकाल 27 जून को समाप्त हो गया था। महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर राज्य महिला आयोग के सभी पांचों सदस्यों की जल्द से जल्द नियुक्ति के साथ ही सभी संभाग से खासकर सरगुजा एवं बस्तर संभाग से सदस्यों की नियुक्ति की मांग की गई थी। जिस पर अमल करते हुए सरगुजा, बस्तर, रायपुर संभागों से सदस्यों की नियुक्ति करने पर डॉ. किरणमयी नायक ने मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया। आयोग कार्यालय में सदस्यों के पदभार के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, राज्य महिला आयोग के सचिव मनोज कुमार सिन्हा, सहायक संचालक श्रीमती पुष्पा किरण कुजूर, आयोग के कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।