समीक्षा बैठक, जल जीवन मिशन के काम पर कलेक्टर ने जताई संतुष्टि

उत्तर बस्तर कांकेर 15 अक्टूबर 2024। जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत् स्वीकृत एफएचटीसी, उच्चस्तरीय जलागार निर्माण तथा सोलर आधारित पेयजल विस्तार और निर्माण कार्यों की विकासखण्डवार समीक्षा की। बारिश की समाप्ति के पश्चात जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों में आई प्रगति पर संतुष्टि जाहिर करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से इन कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को दिए। साथ ही जिन फर्मों व एजेंसियों द्वारा निर्माण कार्य में रूचि नहीं ली जा रही है, उनका टेंडर निरस्त कर पुनर्निविदा आमंत्रित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
समय-सीमा बैठक के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता बी.एन. भोयर ने सोलर पंप की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 173 ग्रामों में 71 हजार 332 एफएचटीसी क्रियाशील है। इसी तरह सोलर पंप स्थापना के लिए क्रेडा को 2209 का आबंटन किया गया है, जिनमें से 926 सोलर पंप से पाइप लाईन जोड़कर पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। कार्यपालन अभियंता ने उच्च स्तरीय जलागार निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में लक्ष्य के विरूद्ध आरसीसी टंकी निर्माण के 231 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 168 प्रगतिरत और 36 अप्रारंभ है। इसके अलावा सोलर पंप आधारित पेयजल आपूर्ति की भौतिक प्रगति जानकारी देते हुए श्री भोयर ने बताया कि क्रेडा को आबंटित कार्यों में से 1626 संयंत्र स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 991 से पेयजलापूर्ति प्रारंभ हो चुकी है। कलेक्टर ने पूर्ण किन्तु अप्रारंभ संयंत्रों के गुणवत्तापूर्ण स्थापना पर जोर देते हुए सभी कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एस. अहिरवार, बी.एस. उईके, जिला पंचायत सीईओ सुमित अग्रवाल सहित समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।