रेत खदान 16 से शुरु होंगे
महासमुंद 15 अक्टूबर 2024। खनिज विभाग द्वारा निविदा के माध्यम से 8 रेत खदानों का आबंटन किया गया था। जिसमें बरबसपुर रेत घाट तथा बड़गांव रेत घाट का संचालन मानसून के पहले से किया जा रहा था। पर्यावरण विभाग के गाईड लाईन के अनुसार मानसून के बाद 16 अक्टूबर से 4 अन्य रेत खदान क्रमशः लाफिनखुर्द, लामीसरार, मुडियाडीह, बल्दीडीह का संचालन किया जाएगा। ग्राम मुरकी में आबंटित रेत खदान पर्यावरण सम्मति हेतु प्रक्रिया धीन है। रेत भंडारण हेतु ग्राम बरबसपुर 4 भंडारण अनुज्ञप्ति एवं ग्राम बिरकोनी 05 भंडारण अनुज्ञप्ति स्वीकृत किया गया है। महासमुंद में कुल 17 अस्थायी भंडारण अनुज्ञा स्वीकृत की गई है।
खनिज अधिकारी सनत साहू ने बताया कि खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन एवं भंडारण करने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। अवैध खनिज अवैध उत्खनन के कुल 7 प्रकरणों में 10 लाख 26 हजार 500 एवं अवैध परिवहन के कुल 85 प्रकरणों में 14 लाख 85 हजार 486 तथा अवैध भंडारण के कुल 14 प्रकरणों में 10 लाख 28 हजार 250 अर्थदण्ड वसूल की गई है। 2024-25 में माह सितम्बर तक अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से 35 लाख 40 हजार 236 रुपए राजस्व की वसूली की गई है। ग्राम बिरकोनी में दामोदर चंद्राकर स्वीकृत भंडारण अनुज्ञप्ति को खनिज नियम के तहत नियमों के उल्लंघन पर निरस्त किया गया।
