ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 3 ग्रामीणों की मौत, 8 घायल

जशपुर 13 अक्टूबर 2024। जशपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सुरेशपुर हर्रामार में दशहरा पर्व के अवसर पर नाटक का आयोजन किया गया था। शनिवार को पंडरीपानी गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर नाटक देखने पहुंचे थे। रविवार तड़के सुबह 3 से 4 बजे के बीच सभी ग्रामीण वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी मिर्जापुर गांव के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।