पीएम आवास, बंदरों की उछल-कूूद से मिली निजात, मंत्री बघेल ने सौंपी चाबी

गरियाबंद 10 अक्टूबर 2024। पक्के मकान में रहना हर किसी का सपना होता है, लेकिन पक्के मकान बनाने के लिए पर्याप्त संसाधन और पूंजी हर किसी की पहुंच में नहीं होती। इस कारण कई गरीब और कमजोर वर्ग के लोग पक्के मकान से वंचित रह जाते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब लोगों के पक्के मकान की चिंता दूर कर दी है। उनके सपनों का आशियाना मिलने लगा है। आवास मेला में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के हाथों अपने नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी पाकर ग्राम पोंड़ निवासी श्रीमती प्रेमीन कमार, श्रीमती सरस्वती, नरेश,सालिक राम, श्रीमती दुखिया बाई, मिलन राम, कीर्तन राम, नोहर तथा अनकु राम के सपने सच हो गए।
पक्के मकान मिलने की खुशी में हितग्राहियों ने उत्साह के साथ सरकार का आभार जताया। हितग्राहियों ने बताया कि पहले कच्चे मकान में रहने के कारण बारिश, सर्दी और गर्मी में पहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात में छत टपकने तथा मौसमी कीड़े -मकोड़े एवं सांप, बिच्छुओं का भी डर रहता था। खपरैल के छत से बने कच्चे मकान बंदरों के उछल-कूद से क्षतिग्रस्त हो जाता था। बार-बार खपरैल बदलने से आर्थिक समस्याओं का भी सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार द्वारा पक्का मकान दिये जाने से अब इन सब समस्याओं से निजात मिल गया है। घर में सभी सदस्य चैन की नींद में रात गुजार सकते है। मकान पक्का होने के कारण बार-बार मरम्मत करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।