आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीयन, टारगेट का 92 फीसदी लक्ष्य पूरा

राजनांदगांव 10 अक्टूबर 2024। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना अंतर्गत शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए पात्र राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आधार पर निर्धारित लक्ष्य कुल 939886 है। जिसमें से 866531 पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड हेतु पंजीयन किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य का 92.20 प्रतिशत है। डोंगरगांव विकासखंड में 135700, डोंगरगढ़ विकासखंड में 205695, राजनांदगांव विकासखंड में 351196, छुरिया विकासखंड में 173940 आयुष्मान कार्ड पंजीकृत हितग्राहियों की संख्या है।
आयुष्मान कार्ड पंजीयन की प्रक्रिया एवं लाभ की जानकारी-
आयुष्मान कार्ड पंजीयन की प्रक्रिया पूर्णत: नि:शुल्क हैं। आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं आधार लिंक मोबाईल नम्बर लेकर आना आवश्यक है। परिवार के समस्त सदस्यों का अलग-अलग आयुष्मान भारत कार्ड बनाया जाएगा। परिवार के सभी सदस्यों के साथ अपने क्षेत्र के नजदिकी स्वास्थ्य केन्द्रों, आधार सेवा केन्द्रों व च्वॉइस सेंटरों में जाकर आयुष्मान भारत कार्ड बना सकते है। आयुष्मान कार्ड पंजीयन हेतु पात्र शेष हितग्राही 73355 में से 59578 हितग्राहियों का आधार कार्ड अपडेट नहीं हुआ हैं, वे आधार कार्ड अपडेट करवाने हेतु नजदीकी के आधार सेवा केन्द्रों में जाकर आधार कार्ड अपडेट कराएं, जिससे भविष्य में आयुष्मान कार्ड का पंजीयन किया जा सके। राजनांदगांव शहरी क्षेत्र अंतर्गत सभी च्वॉईस सेंटर एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेंड्री, जिला चिकित्सालय बसंतपुर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शंकरपुर, लखोली, मोतीपुर एवं पुराना अस्पताल गुरूद्वारा चौंक में भी जाकर आयुष्मान भारत कार्ड बना सकते हैं।