मकान का कब्जा दिलाने तहसील आफिस के बाहर अनशन पर बैठी महिला

गरियाबंद 4 अक्टूबर 2024। अनुविभागीय अधिकारी राजिम विशाल महाराणा ने बताया कि तहसील कार्यालय के सामने श्रीमती कमला ठाकुर एवं उनके पुत्र योगेश सिंह ठाकुर दो तारीख से अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने बताया कि कमला ठाकुर की मांग है कि उनकी बहू मीना सिंह ठाकुर व उनके नाती रूद्राक्ष सिंह ठाकुर को फिगेंश्वर स्थित मकान से बेदखल किया जाये। यह मामला मुख्यतः पारिवारिक विवाद एवं पारिवारिक हिंसा से संबंधित है। न्यायालय द्वारा मकान का ताला खुलवाकर कब्जा कमला ठाकुर को दिलाने का आदेश पारित हुआ था। विभाग द्वारा मकान का ताला खुलवाकर आवेदिका कमला ठाकुर को तीन कक्षों का कब्जा दिया गया। व्यवहारिक व्यवस्था मानसून समय होने के कारण आवेदिका की बहु मीना सिंह ठाकुर को मकान के एक कक्ष में रहने दिया गया। आदेश पर उच्च न्यायालय बिलासपुर का स्टे है । इसके अतिरिक्त आयुक्त, संभाग एवं न्यायालय राजिम में भी मामला लंबित है। राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा महिला का स्वास्थ्य परीक्षण तीन बार कराया जा चुका है और अनशन से हटने की कई बार सलाह दी जा चुकी है। उक्त प्रकरण विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन होने के कारण प्रशासन द्वारा हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। आवेदिका कमला ठाकुर प्रशासन पर अनुचित दबाब बनाने के लिए अनशन पर बैठी है।