आकांक्षी जिला व ब्लॉक, अच्छा काम करने वाले कर्मचारी सम्मानित

उत्तर बस्तर कांकेर, 4 अक्टूबर 2024। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा चयनित कांकेर को आकांक्षी जिला एवं कोयलीबेड़ा एवं दुर्गूकोंदल विकासखण्ड को आकांक्षी ब्लॉक के तौर पर चयनित किया गया है, जिसके तहत् विगत एक जुलाई से 30 सितम्बर तक विभिन्न संकेतकों पर आधारित गतिविधियां संचालित की गई। आकांक्षी जिला व ब्लॉक कार्यक्रम के तहत सम्पूर्णता अभियान के समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों से कहा कि पिछले तीन महीने में जिला एवं दुर्गूकोंदल व कोयलीबेड़ा ब्लॉक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं में सेहत के प्रति जागरूकता, सामाजिक सुरक्षा, कृषि क्षेत्र एवं अन्य निर्धारित इंडिकेटर पर कार्य सभी मैदानी अमलों ने बेहतर कार्य किया है, जिसके वे बधाई के पात्र हैं। समारोह के दौरान पीपीआईए फेलो के द्वारा कार्यक्रम की समग्र स्थिति के बारे में पॉवर पाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुति दी, जिसमें पहल के दौरान की गई उपलब्धियों और प्रगति की जानकारी दी गई। अंत में ब्लॉक अधिकारियों को पीपीआईए की सफल संतृप्ति के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमित अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सम्मानित होने वाले ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।