स्वच्छ भारत मिशन, दुर्ग राज्य में पहला ओडीएफ प्लस मॉडल जिला, दिल्ली में सम्मान
दुर्ग, 3 अक्टूबर 2024। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े अंतर्गत महात्मा गांधी की जयंती पर ‘‘स्वच्छ भारत दिवस‘‘ का आयोजन विज्ञान भवन, नई दिल्ली में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा पूरे देश से आए जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों, स्वच्छाग्राहियों एवं अधिकारियों को संबोधित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत जिला दुर्ग को राज्य का प्रथम ओडीएफ प्लस मॉडल जिला घोषित किया गया। ओडीएफ प्लस मॉडल जिला घोषणा होने के सम्मान में कलेक्सुटर ऋचा प्रकाश चौधरी, को आमंत्रित किया गया। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश से 11 अन्य प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें श्रीमती सुशीला भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष, राजकुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य, जिला कवर्धा, सुश्री सुरुचि सिंह, मुख्य कार्यपालन, जिला पंचायत राजनांदगांव, पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव, राजनांदगांव, श्रीमती धनेश्वरी साहू, सरपंच टेमरी, श्रीमती राधिका पैंकरा, सरपंच, मनप्यारी बाई, स्वच्छाग्राही तथा राज्य की टीम से डॉ. रूपेश राठौर एवं सुश्री अभिलाषा आनंद, राज्य सलाहकार द्वारा इस कार्यक्रम में भाग लिया गया।
दुर्ग में कुल 300 ग्राम पंचायते एवं 381 ग्राम है, समस्त ग्रामों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्य पूर्ण कर लिया गया है जिसके अंतर्गत जैविक अपशिष्ट हेतु नॉडेप, वर्मी का निर्मार्ण किया गया है, वहीं अजैविक अपशिष्ट के प्रबंधन हेतु सेग्रीगेशन वर्कशेड, घर-घर कचरा एकत्रीकरण हेतु ट्रायसायकल, प्रत्येक गांव में स्वच्छाग्राही स्व-सहायता समुह को संलग्न किया गया है। ग्रे-वाटर मैनेजमेंट के लिये सभी गांव के सार्वजनिक स्थानों, शाला एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में सोकपिट, किचन गार्डन का निर्माण किया गया है, ग्राम की ऐसे नाली जहाँ अपशिष्ट जल तालाब या अन्य जल स्त्रोतों में जा रहा है, वहां त्री-स्तरीय जल शुद्धिकरण इकाई का निर्माण किया गया है। ब्लैक-वाटर मैनेजमेंट के लिये जिले में 05 फिकल स्लज ट्रिटमेंट प्लांट का निर्माण किया गया है।
