कलेक्टर जनदर्शन, धान खरीदी केन्द्र, पेंशन, राशन दुकान की समस्या लेकर पहुंचे लोग

उत्तर बस्तर कांकेर, 1 अक्टूबर 2024। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर जनदर्शन में समूह की महिलाओं ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालित करने, नवीन धान खरीदी केन्द्र खोलने, नदी तक पिचिंग वॉल बनवाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, पुलिया स्वीकृति, वृद्धावस्था पेंशन, आवासीय मकान दिलाने, रोजगार प्रदान करने, राशन कार्ड बनाने तथा विभिन्न प्रकार की मांगों व समस्याओं से संबंधित कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में चारामा तहसील के ग्राम भुईगांव को नवीन ग्राम पंचायत बनाने, ग्राम पंचायत सुखई में नवीन धान खरीदी केन्द्र खोलने, ग्राम पंचायत सम्बलपुर में महतारी वंदन योजना अंतर्गत छूटे हेए पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने, पहुंच मार्ग निर्माण करने, पीडब्ल्यूडी और पीएचई के कार्यों में हो रही देरी तथा अनियमितताओं की जांच कराने और मूलभूत सुविधा हेतु विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्राप्त किया गया। इसी प्रकार ग्राम सिरसिदा में जलाशय से नदी तक पिचिंग वॉल बनाने, ग्राम उसेली में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालन करने, श्रीमती सरस्वती, श्रीमती बसंता बाई द्वारा नवीन राशन कार्ड बनवाने, जगदीश द्वारा प्रधानमंत्री आवास दिलाने, हिमांशु निषाद द्वारा अनुकंपा नियुक्ति दिलाने सहित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डीएफओ श्री आलोक वाजपेयी, डीपी साहू, हेमचंद पहारे, जिला पंचायत के सीईओ सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर एस अहिरवार, बीएस उईके, जितेंद्र कुर्रे सहित सभी अनुविभाग के एसडीएम व विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।