
श्रीलंका की नौसेना ने कथित रूप से श्रीलंका के जल-क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में आज 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। एक बयान में कहा गया है कि इन मछुआरों और उनकी दो नौकाओं को डेल्फ्ट द्वीप के उत्तर-पश्चिम में हिरासत में लिया गया। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इन मछुआरों को आगे की कार्रवाई के लिए जाफ़ना में मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को सौंपा जायेगा।
आज की गिरफ्तारी के बाद कुल 38 भारतीय मछुआरे श्रीलंका की गिरफ्त में हैं और ये पिछले दस दिनों में पकड़े गए हैं। इसके पहले श्रीलंका नौसेना द्वारा कथित गोलीबारी में एक भारतीय मछुआरे की मौत के बाद 85 मछुआरों को रिहा किया गया था। लेकिन एक सौ तीस से ज्यादा नौकाएं अभी भी श्रीलंका के कब्जे में हैं जिसको छोड़ने पर अभी कोई सहमति नहीं बन पाई है। दोनों देशों के बीच मछुआरों का विषय लंबे समय से विवाद का मुद्दा रहा है। इसे सुलझाने के लिए पिछले साल एक संयुक्त कार्यदल गठित किया गया था। इसकी अगली बैठक 6 अप्रैल को कोलंबो में प्रस्तावित है जिसमें भारतीय दल की अध्यक्षता केन्द्रीय कृषि सचिव करेंगे।
