विधायक राजवाड़े ने चौपाल लगाकर सुनी लोगो की समस्याएं

कोरिया 11 सितम्बर 2024। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मनसुख के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल के मैदान में किया गया। जिलास्तरीय जनसमस्या निवारण में क्षेत्र के विधायक श्री भईयालाल राजवाड़े ने चौपाल लगाकर आमजनों कि मांगो एवं समस्याओं को सुना। शिविर में कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से 37 आवेदनो का निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को समय-सीमा देकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण में क्षेत्र के विधायक श्री भईयालाल राजवाड़े ने उपस्थित आमजनो को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि लोगो के समस्याओं का त्वरित निराकरण हो। उन्होने कहा कि इसके लिए प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का आयोजित कर लोगो की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। हितग्राही आप सभी शिविर में अपने समस्याओं का शिविर स्थल पर ही आवेदन देकर निराकरण करा सकते है। साथ ही विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा अपने विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाती है, जिसका आप सभी अधिक-से-अधिक लाभ उठाएं। विधायक ने कहा कि शिविर का उद्देश्य यही है कि आम लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को तत्काल निराकरण करना, उन्हें सही जानकारी से अवगत कराना, पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना है।

शिविर स्थल पर महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कृषि, श्रम, स्वास्थ्य, खाद्य, पशुपालन, शिक्षा आदि विभागों में संचालित योजनाओं के बारे में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में 22 छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र, समाज कल्याण से दो छड़ी व एक वैशाखी, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना के तहत दो हितग्राहियों को 20-20 हजार रूपए का चेक वितरण किया गया।