हर घर तिरंगा अभियान 9 से 15 अगस्त तक मनाया जाएगा

दिल्ली में 13 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली में संसद सदस्य भाग लेंगे
सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिससे अभियान की सफलता सुनिश्चित होगी: श्री गजेंद्र सिंह शेखावत
Delhi, Aug 8
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज यानी 8 अगस्त, 2024 को घोषणा करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 9 से 15 अगस्त, 2024 तक तीसरा “हर घर तिरंगा” (एचजीटी) अभियान चलाया जाएगा। आज नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हर भारतीय को राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करके नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करना है। श्री शेखावत ने नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराने और झंडे के साथ एक सेल्फी क्लिक करने और इसे harghartiranga.com पर अपलोड करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में शुरू किया गया “हर घर तिरंगा” अभियान एक जन आंदोलन बन गया है, जिसे देश भर में समाज के विभिन्न वर्गों ने अपनाया है। 2022 में, 23 करोड़ से अधिक घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और 6 करोड़ लोगों ने ध्वज के साथ अपनी सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड की। 2023 में, हर घर तिरंगा अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड की गईं।
श्री शेखावत ने यह भी कहा कि सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अभियान की सफलता सुनिश्चित करते हुए समारोह में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। प्रमुख उद्योग भागीदार- ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रेलवे, नागरिक उड्डयन क्षेत्र, भारतीय सशस्त्र बल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भी सूचना के प्रसार और अभियान को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। देश भर में स्वयं सहायता समूह बड़े पैमाने पर झंडे के उत्पादन और उपलब्धता में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सहयोगात्मक प्रयास राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के दृष्टिकोण को वास्तविकता में बदल रहा है तथा यह भारत के लोगों का, भारत के लोगों द्वारा एक और महत्वपूर्ण उत्सव है।