जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा

गरियाबंद 11 सितंबर 2024। जिले में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जायेगा। स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता थीम पर स्वच्छता ही सेवा 2024 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत किये जाने वाले गतिविधियों हेतु विभागवार कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है। पखवाड़ा के दौरान लोगों को प्रकृति की स्वच्छता, आचरण की स्वच्छता के अनुसार स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस बार स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम मुख्य तीन बिन्दु पर आयोजित किया जायेगा। प्रथम थीम, स्वच्छता की भागीदारी जिसमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति हेतु ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में व्यापक रूप से स्वच्छता श्रमदान, स्वच्छता रैली, स्वच्छता चौपाल एवं मैराथन जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें प्रत्येक वर्ग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुये स्वच्छता भी संस्कार भी एवं स्वच्छता ही स्वभाव की परिकल्पना को साकार एवं मूर्त रूप प्रदान करेगें। दूसरी थीम, संपूर्ण स्वच्छता अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्र के चौक-चौराहे, सार्वजनिक जगहों, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इसी प्रकार तीसरी थीम के तहत सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के रूप में संपूर्ण जिले में आयोजित किया जायेगा। इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जिले के समस्त स्वच्छाग्रहियों सफाई कर्मियों के बेहतर स्वास्थ्य और उनके स्वाभिमान को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परिक्षण उपलब्ध कराये तथा सभी पंचायत उन्हें सुरक्षा उपकरण मुहैया कराये। इस अभियान में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आजीविका मिशन की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जिससे समुदाय की ज्यादा से ज्यादा सहभागिता सुनिश्चित हो सकें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव ने सभी जनपदों के सीईओ को स्वच्छता ही सेवा के सफल एवं वृहद रूप से आयोजन करने हेतु निर्देशित किया है।